युद्ध अपराधियों पर पाक राजदूत की टिप्पणी से बांग्लादेशी सांसद नाराज
पांच दिन की सद्भावना यात्रा पर बांग्लादेश आए पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के विशेष दूत मिर्जा जिया इस्पहानी ने कहा था कि बांग्लादेश द्वारा युद्ध अपराधियों के मामलों की सुनवाई करने का यह 'उचित समय नहीं है।'
बांग्लादेश में उन सभी लोगों को युद्ध अपराधी घोषित किया गया है जो सन 1971 के स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान पाकिस्तान की सरकार के साथ थे और जिन पर आम लोगों के नरसंहार का आरोप है।
समाचार पत्र 'द न्यू एज' के अनुसार बांग्लादेश की संसद में एक गर्मागर्म बहस के बाद इस्पाहानी से उनकी धृष्टतापूर्ण टिप्पणी के लिए माफी मांगने को कहा गया।
इस बीच सरकार ने दोहराया है कि वह युद्ध अपराधियों के खिलाफ सुनवाई करने के अपने निर्णय पर कायम है। बांग्लादेश की विदेश मंत्री दीपू मोनी ने पाकिस्तानी दूत की टिप्पणी पर कुछ कहने से इंकार किया लेकिन उन्होंने कहा कि युद्ध अपराधियों के मामलों की सुनवाई की जाएगी।
उधर देश की संसद के स्पीकर अब्दुल हामिद ने बुधवार को सांसदों से कहा, "हमारे पास युद्ध अपराधियों के खिलाफ मुकदमा चलाने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। सरकार अपराधियों को दंड दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications