भारत के साथ विस्तृत व्यापार समझौता चाहता है कनाडा
नई दिल्ली, 18 फरवरी (आईएएनएस)। वैश्विक आर्थिक मंदी से प्रभावित कनाडा भारतीय निवेश आकर्षित करने के लिए हाल ही में उदार बनाए गए अपने नियमों का प्रलोभन दे रहा है। उसने भारत सरकार से विस्तृत व्यापार समझौते पर भी वार्ता आरंभ करने को कहा है।
पांच दिन के दौरे पर शनिवार को भारत पहुंचे कनाडा के उद्योग मंत्री टोनी क्लेमेंट ने आईएएनएस से साक्षात्कार में कहा, "भारतीय कंपनियों के लिए मेरा मूल संदेश है कि कनाडा व्यापार के लिए खुला है।"
टोनी पहले ही वाणिज्य मंत्री कमलनाथ और संचार और आईटी मंत्री ए.राजा से मुलाकात कर चुके हैं।
कनाडा में विदेशी कंपनियों के लिए निवेश के नियमों को आसान बनाने की घोषणा के केवल एक दिन बाद ही टोनी की भारत यात्रा आरंभ हुई। पिछले एक महीने में भारत की यात्रा करने वाले वे कनाडा के चौथे मंत्री हैं।
भारत और कनाडा के बीच मौजूदा द्विपक्षीय व्यापार केवल चार अरब डॉलर का है। परंतु टोनी क्लेमेंट ने कहा कि इसमें वृद्धि हो रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications