गाजियाबाद में उद्योगपति की दिनदहाड़े गोली मार कर हत्या
गाजियाबाद, 17 फरवरी (आईएएनएस)। गाजियाबाद में मामूली विवाद को लेकर एक उद्योगपति की मंगलवार को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई।
पुलिस के मुताबिक उद्योगपति राज बहादुर सिंह की कंपनी के एक ट्रक ने आरोपी बिजेंद्र सिंह की होंडा सिटी कार में टक्कर मार दी। ट्रक चालक द्वारा बुलाए जाने पर राज बहादुर अपने पिता प्रेम पाल सिंह के साथ घटना स्थल साहिबाबाद पहुंचे।
गाजियाबाद के पुलिस अधीक्षक अनंत देव ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचने के बाद राज बहादुर ने पिस्तौल निकाल कर बिजेंद्र को डराने की कोशिश की इसके जवाब में बिजेंद्र ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से चार गोलियां राज बहादुर के सीने पर दाग दीं।
अनंत देव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है व जल्द ही नए तथ्य प्रस्तुत किए जाएंगे।
गोली मारने के बाद बिजेंद्र अपनी कार घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। राज बहादुर के वाहन चालक ने दावा किया है कि बिजेंद्र ने उसकी पिटाई भी की।
स्थानीय नागरिकों ने राजबहादुर को नजदीक के नरेंद्र मोहन अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उल्लेखनीय है कि राज बहादुर इलाके के प्रमुख पेयजल आपूर्तिकर्ताओं में से एक थे और साहिबाबाद के लाजपत नगर इलाके में उनका पीने के पानी को साफ करने का एक संयंत्र भी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications