आजम खान ने जयाप्रदा को भाजपा का एजेंट करार दिया
रामपुर में मंगलवार को संवाददाताओं से बातचीत में आजम खान ने कहा कि भाजपा के लोग जयाप्रदा का साथ दे रहे हैं और जयाप्रदा भाजपा के एजेंट के तौर पर काम कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जयाप्रदा सपा नहीं बल्कि भाजपा की प्रत्याशी हैं। अपने निजी स्वार्थ के लिए वह भूमाफियाओं से भी सांगगांठ कर रही हैं।
पिछले हफ्ते जयाप्रदा ने अपने काफिले हुए हमले के लिए आजम खान समेत कुछ बहुजन समाज पार्टी(बसपा) कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया था, जिसका आजम खान ने मुखर विरोध किया था।
आजम खान लगातार सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के लिए मुश्किलें पैदा कर रहे हैं। पिछले दिनों कल्याण सिंह को लेकर उन्होंने पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ था। अब उन्होंने खुलकर रामपुर से सपा की प्रत्याशी जयाप्रदा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
सपा के एक नेता ने लखनऊ में नाम गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि आजम खान की मुलायम सिंह से नाराजगी कल्याण फैक्टर से उतनी नहीं है जितनी जयाप्रदा को रामपुर से प्रत्याशी घोषित किये जाने से है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications