रंजना बघेल ने की रेणुका चौधरी की आलोचना
महिला एवं बाल विकास द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का संवाददाता सम्मेलन में ब्योरा देते हुए मंगलवार को रंजना बघेल ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हर वर्ग के लिए योजनाएं चला रहे हैं। उनकी योजनाओं से महिलाओं और बच्चों को कई लाभ हुए हैं।
उन्होंने कहा कि बालिका के पैदा होने से लेकर उसकी शादी तक के लिए सरकार ने योजनाएं बना रखी है। यही वजह है कि मुख्यमंत्री प्रदेश की महिलाओं के भैया और बालिकाओं के मामा हो गए हैं। बीते दिनों केन्द्रीय मंत्री रेणुका चौधरी द्वारा छिंदवाडा प्रवास के दौरान शिवराज सिंह चौहान पर की गई टिप्पणी को लेकर रंजना बघेल उत्तेजित हो गईं और उन्होंने इसकी तीव्र आलोचना की।
महिला बाल विकास राज्य मंत्री ने बताया है कि लाड़ली लक्ष्मी योजना ने प्रदेश की डेढ़ लाख बालिकाओं को लखपति बना दिया है और यह आंकड़ा जल्दी ही दो लाख के करीब पहुंच जाएगा। इसके अलावा आंगनवाड़ी केन्द्रों से पंजीरी का वितरण बंद किया जा रहा है। इन केन्द्रों से पोषण आहार में संतुलित खुराक दी जाएगी। इसके लिए स्थानीय स्तर पर मीनू भी तैयार होगा।
रंजना बघेल मानती हैं कि जागरूकता के अभाव में कुछ कमियां रहने के साथ गड़बड़ियां हो जाती हैं। इसके बावजूद उनके विभाग का प्रयास है कि संचालित योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications