'शावेज़ के पक्ष में जनमतसंग्रह का नतीजा'

वेनेज़ुएला के लोगों ने एक जनमतसंग्रह में ह्यूगो शावेज़ के अनिश्चितकाल के लिए राष्ट्रपति बने रहने के पक्ष में मतदान किया है.इसका मतलब है कि राष्ट्रपति ह्यूगो शावेज़ दूसरे कार्यकाल के बाद तीसरी बार के लिए भी चुनाव में खड़े हो सकते हैं.
राष्ट्रीय चुनाव परिषद अधिकारियों का कहना है कि 94 फ़ीसदी मतों की गणना हो चुकी है जिसमें से 54 फ़ीसदी लोगों ने अधिकारियों के कार्यकाल पर समयसीमा हटाने का समर्थन किया है.
ह्यूगो शावेज़ ने कहा है कि अगर वेनेज़ुएला में सामाजिक क्रांति लानी है तो उन्हें अपने दूसरे कार्यकाल के बाद तक का समय चाहिए. उनका दूसरा कार्यकाल 2012 में ख़त्म होगा. विशलेषकों का कहना है कि इससे राष्ट्रपति के हाथों में ज़रूरत से ज़्यादा ताकत चली जाएगी.
जनमतसंग्रह
नतीजे आने के बाद ह्यूगो शावेज़ ने राष्ट्रपति भवन की बालकनी से कहा, "भविष्य के दरवाज़े खुले हुए हैं. 2012 में राष्ट्रपति चुनाव होंगे. अगर भगवान की कुछ और मर्ज़ी नहीं हुई और अगर लोगों ने कुछ और फ़ैसला करने का मन नहीं बनाया तो ये सैनिक तो अभी से उम्मीदवार है."
नतीजों के बाद राष्ट्रपति के समर्थक सड़कों पर निकल आए और आतिशबाज़ी की. रविवार को हुए जनमतसंग्रह में एक करोड़ से ज़्यादा लोगों ने हिस्सा लिया. अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों के मुताबिक मतदान निष्पक्ष तरीके से हुआ है.
विपक्ष के नेता लियोपोल्डो लोपेज़ ने बीबीसी से बातचीत में कहा कि 10 सालों में 15 बार चुनाव हुआ है और ये अभियान पूरी तरह शावेज़ की ओर झुका हुआ था.
मौजूदा संवैधानिक नियमों के तहत राष्ट्रपति का कार्यकाल दो बार तक के लिए ही सीमित होता है जिसका मतलब ये कि ह्यूगो शावेज़ को तीन साल के बाद राष्ट्रपति पद छोड़ना पड़ता.


Click it and Unblock the Notifications