रेलवे परीक्षा: पर्चा लीक, 109 गिरफ्तार

असिस्टेंट स्टेशन मास्टर के पद के लिए रेलवे भर्ती परीक्षा के ठीक पहले जयपुर में पर्चा लीक हो गया। परीक्षा में करीब 75 हजार परीक्षार्थियों को शामिल होना था। पर्चा लीक होने की घटना से परीक्षा केंद्रों पर रविवार को दिन भर अफरातफरी का माहौल रहा। राजस्थान और उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस रैकेट का पर्दाफाश किया। रैकेट में शामिल लोगों की धरपकड़ जारी है।
पुलिस के मुताबिक राजस्थान पुलिस ने एक स्पेशल आपरेशन के तहत कार्रवाई करते हुए इस मामले को उजागर किया। इसमें उत्तर प्रदेश पुलिस ने भी भरपूर सहयोग किया। मामले की जांच अभी जारी है।
राजस्थान पुलिस के अधिकारी कपिल गर्ग के मुताबिक इस मामले में पुलिस ने जयपुर और भोपाल से परीक्षार्थियों व दलालों समेत 109 लोगों को गिरफ्तार किया है।
वहीं उत्तर प्रदेश पुलिस एसटीएफ के एसएसपी अमिताभ यश ने लखनऊ में बताया कि ये गिरफ्तारियां राजस्थान के स्पेशल आपरेशन ग्रुप और भोपाल पुलिस के साथ संयुक्त अभियान के तहत की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरआरबी की परीक्षाओं के पर्चे लीक करने वाला एक गैंग पूरे देश में सक्रिय है।
इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस की मदद से जयपुर और भोपाल में छापे मारे। जयपुर में एक होटल में दबिश के दौरान लीक हुआ पेपर बरामद हुआ। मौके पर मौजूद सभी परीक्षार्थियों और दलालों को पुलिस ने धर दबोचा।
इस गैंगे के सदस्यों ने परीक्षार्थियों को परीक्षा से पहले एक स्थान पर इकट्ठा होने के कहा। इसके बाद उन्हें रात भर वहीं पर पर्चा हल करने की योजना थी, जिसके बाद गैंग के सदस्य परीक्षार्थियों को सुबह सीधे केंद्र पर छोड़ने की फिराक में थे।
गिरफ्तार किए गए परीक्षार्थियों में अधिकतर परीक्षार्थी बिहार से हैं। यही नहीं इस रैकेट में रेलवे के पूर्व और वर्तमान कर्मचारी भी शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।


Click it and Unblock the Notifications