हरीरी की याद में रैली के बाद हमले में 1 मरा
बेरूत, 16 फरवरी (आईएएनएस)। लेबनान में पूर्व प्रधानमंत्री रफीक हरीरी के सम्मान में रैली के बाद सीरिया समर्थक हिजबुल्ला पार्टी के समर्थकों के हमले में घायल प्रोग्रेसिव सोशलिस्ट पार्टी(पीएसपी) के एक सदस्य की मौत हो गई है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार शनिवार को हुई रैली के बाद हिजबुल्ला पार्टी के समर्थकों के हमले में लुत्फी जेनेद्दीन घायल हो गए थे और रविवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।
पीएसपी और हिजबुल्ला गठबंधन सरकार पर काम कर रहे हैं लेकिन हिजबुल्ला द्वारा सीरिया के साथ करीबी रिश्ते बनाने पर जोर दिये जाने के कारण उनके संबंध तनावपूर्ण है।
खबरों के मुताबिक शनिवार की रैली में हिस्सा लेने वाले बहुत से लोगों को बेरूत भर में निशाना बनाया गया। कई कारें क्षतिग्रस्त कर दी गईं और हमलों में कम से कम 10 लोग घायल हो गए।
लेबनान सेना की ओर से जारी बयान में जेनेद्दीन की मौत की पुष्टि की गई है। जबकि हिजबुल्ला ने इन हमलों में हाथ होने से इंकार किया है।
इसबीच लेबनानी सेना ने अन्य इलाकों में हिंसा फैलने से रोकने के लिए बेरूत से 25किलोमीटर पूर्व में भेमडॉन के निकट रास्ता बंद कर दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications