नारायण राणे का निलंबन वापस
कांग्रेस प्रवक्ता जयंती नटराजन ने नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया, "कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने नारायण राणे की निलंबन वापसी के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। यह प्रस्ताव रक्षा मंत्री ए.के.एंटनी की ओर से किया गया था। एंटनी महाराष्ट्र के प्रभारी महासचिव भी हैं।"
यह पूछे जाने पर कि क्या पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख इस कदम से खुश हुए होंगे, नटराजन ने जवाब दिया, "क्यों नहीं?"
ज्ञात हो कि 26 नवंबर को मुंबई हमले के बाद अशोक चह्वाण को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाया गया। इस पर राणे, पार्टी नेतृत्व पर भड़क उठे थे। उनके व्यवहार पर कांग्रेस ने उन्हें 6 दिसंबर को पार्टी से निलंबित कर दिया था।
उधर मुंबई में पार्टी की राज्य इकाई के महासचिव संजय निरूपम ने कहा, "पार्टी द्वारा उठाया गया यह कदम पार्टी व सरकार में राणे के पुनर्वास का मार्ग प्रशस्त करेगा।"
इस बीच मुंबई में एक विश्वस्त सूत्र ने बताया कि निलंबन वापसी के बाद राणे को राज्य मंत्रिमंडल में कोई पद दिया जा सकता है।
एक अन्य सूत्र के अनुसार उन्हें राज्य में पार्टी का चुनाव प्रभारी बनाया जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications