अंतरिम बजट ने किया निराश, औंधे मुंह गिरे शेयर बाजार (राउंडअप)
सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को यूं तो बीएसई के सभी खंडों के शेयरों के सूचकांकों में गिरावट का रुख रहा लेकिन धातु, रियल्टी, बैंकिंग, पूंजीगत वस्तुओं, तेल एवं गैस, ऊर्जा, सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों आदि के सूचकांक तीन फीसदी से लेकर 4.75 फीसदी तक लुढ़क गए।
उल्लेखनीय है कि कारोबारी जगत बजट से करों में कुछ राहत की उम्मीद कर रहा था जबकि वैश्विक आर्थिक मंदी से जूझ रहे रियल्टी और ऑटो सेक्टर को भी इस अंतरिम बजट से राहत की उम्मीद थी।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स सोमवार को कारोबार खत्म होते वक्त 329.29 अंक यानी 3.42 फीसदी की गिरावट के साथ 9,305.45 पर था। आज सुबह सेंसेक्स पिछले बंद के मुकाबले 2.34 अंक ऊपर 9637.04 पर खुला था। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 9,279.10 के निम्नतम और 9,637.04 के उच्चतम स्तर पर कारोबार किया।
बीएसई के मिडकैप और स्मालकैप सूचकांकों में भी गिरावट दर्ज की गई। मिडकैप सूचकांक में 88.20 अंक यानी 2.93 फीसदी गिरकर 2,924.75 पर रहा जबकि स्मालकैप सूचकांक 71.44 अंक यानी 2.10 फीसदी गिरकर 3,324.14 पर रहा।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी कारोबार के अंत में 99.85 अंक यानी 3.39 फीसदी की गिरावट के साथ 2,848.50 पर था। निफ्टी ने सोमवार सुबह पिछले बंद के मुकाबले 0.10 अंक नीचे 2,948.25 पर कारोबार की शुरुआत की। निफ्टी ने 2,839.10 के निम्नतम और 2,953.20 के उच्चतम स्तर पर कारोबार किया।
बीएसई में कारोबार का रुख नकारात्मक रहा और कारोबार की समाप्ति पर यहां सूचीबद्ध 1598 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई जबकि महज 776 कंपनियों के शेयरों में तेजी आई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications