मार्क्स, लेनिन के साथ बुद्ध के चित्र लगाने की माओवादियों ने की आलोचना
काठमांडू, 16 फरवरी (आईएएनएस)। नेपाल में एकीकृत कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी लेनिनवादी (यूएमएल) के सम्मेलन में कार्ल मार्क्स और व्लादिमीर लेनिन के साथ भगवान बुद्ध के चित्र लगाने पर सत्तारूढ़ माओवादी पार्टी ने उसकी निंदा की है।
पार्टी के नए नेता का चुनाव करने के लिए सोमवार से बुटवल में यूएमएल का सम्मेलन आरंभ हुआ। इस प्रकार के आठवें आम सम्मेलन की खुशी में यूएमएल ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय कम्युनिस्ट नेताओं के आदमकद चित्रों के साथ भगवान बुद्ध के भी कट आउट लगाए।
भगवान बुद्ध को दिए गए इस महत्व से यूएमएल के साथ सत्ता में साझेदारी कर रहे माओवादी उत्तेजित हो गए और उन्होंने यूएमएल पर कम्युनिस्ट आंदोलन का मजाक बनाने का आरोप लगाया।
माओवादी पार्टी के मुखपत्र के रूप में पहचाने जाने वाले दैनिक समाचार पत्र 'जनादेश' ने कहा कि मार्क्स और लेनिन के साथ बुद्ध को रखकर यूएमएल ने कम्युनिस्ट आंदोलन का मजाक बनाया है।
पिछले 10 वर्षो से प्रतिबंधित समाचार पत्र ने कहा कि यूएमएल एक तरफ तो कम्युनिस्ट विचारधारा को मानती है जिसमें वर्ग संघर्ष का अंतिम चरण शसस्त्र संघर्ष है, वहीं दूसरी ओर अपने सम्मेलन में धार्मिक नेताओं के चित्र कम्युनिस्ट नेताओं के साथ रखकर उनको सम्मान दे रही है।
समाचार पत्र ने दावा किया कि बुद्ध के साथ रखकर यूएमएल ने मार्क्स और लेनिन का अपमान किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications