इस वर्ष वेलेंटाइन डे पर फूलों से अधिक गुंडों का जोर रहा (राउंडअप)
वेलेंटाइन्स डे के खिलाफ उठी आवाजें सिर्फ मुंबई व दिल्ली जैसे महानगरों में ही नहीं सुनाई दीं, बल्कि भोपाल व रायपुर जैसे छोटे शहरों में भी इनका पूरा शोर था।
राजधानी दिल्ली में प्यार के इजहार का प्रतीक वेलेंटाइन्स डे इस बार कड़ी सुरक्षा के बीच मनाया गया। वेलेंटाइन्स डे के विरोध में विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता सड़कों पर नजर आए।
कई संगठनों ने तो वेलेंटाइन्स डे का विरोध करने वालों के खिलाफ प्रदर्शन किया। शनिवार को कनॉट प्लेस में छात्रों के एक समूह ने 'भारत के लिए वेलेंटाइन' नामक मुहिम चलाई।
यूथ फॉर इक्वेलिटी नामक संगठन ने भी कई जगहों पर प्रदर्शन किया। संगठन के अध्यक्ष कौशलकांत मिश्रा ने कहा कि वेलेंटाइन्स डे पर हमारा एकमात्र संदेश शांति है।
उधर आगरा में वेलेंटाइन्स डे पर कुछ युवा प्रेमियों को पीटने के आरोप में शिव सेना के कम से कम 20 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।
आगरा के पुलिस अधीक्षक बी.पी.अशोक ने कहा कि शिव सैनिकों ने कई स्थानों पर गड़बड़ी पैदा करने की कोशिश की, लिहाजा कम से कम 20 कार्यकर्ताओं को गैंगस्टर व गुंडा एक्ट के तहत हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस के अनुसार शिव सेना नेता वीनू लावनिया के नेतृत्व में शिव सैनिकों के एक समूह ने कुछ प्रेमी जोड़ों की पिटाई की थी।
तमिलनाडु में विरोधियों के खिलाफ पुलिस की कड़ी सतर्कता के चलते वेलेंटाइन डे शांतिपूर्ण माहौल में बीत गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक हनुमंत सेना, शिव सेना व अन्य दक्षिणपंथी संगठनों से संबद्ध 30 कार्यकर्ताओं को मदुरै, कोयंबटूर व चेन्नई जैसे चार शहरों से गिरफ्तार किया गया।
चेन्नई के पुलिस आयुक्त के.राधाकृष्णन ने संवाददाताओं को बताया कि पुलिस कर्मियों को आदेश दिया गया था कि वे शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों को न रोकें, लेकिन किसी भी तरह की हिंसा न होने दें।
अधिकारिक सूत्रों के अनुसार प्रेमी जोड़ों की जबरन शादी रचाने की हिंदू संगठनों की धमकी कामयाब नहीं हो पाई।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी वेलेंटाइन डे का विरोध कर रहे बजरंग दल के 20 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।
रायपुर के पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह ने कहा कि वेलेंटाइन्स डे के विरोध में शहर के जय स्तंभ चौक इलाके में रैली निकालने और युवाओं को आतंकित करने के आरोप में बजरंग दल के 20 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार शहर के बाहरी इलाके में वेलेंटाइन डे मना रहे कॉलेज के विद्यार्थियों को आतंकित करने के आरोप में धर्म सेना के कुछ कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में ले लिया गया।
मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में भी वेलेंटाइन्स डे का विरोध कर रहे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अपनी बहन के साथ जा रहे एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। वहीं ग्वालियर और भोपाल में बजरंग दल के 50 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
उज्जैन के पुलिस अधीक्षक मनमीत नारंग ने कहा कि विक्रम विश्वविद्यालय के आसपास बजरंग दल के कई कार्यकर्ता इकट्ठा थे। ये सभी वेलेंटाइन्स डे मनाने वालों का विरोध कर रहे थे।
नारंग ने कहा कि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक साथ जा रहे युवक-युवती को पीटना शुरू कर दिया। बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में बाद में पता चला कि दोनों भाई-बहन थे।
आंध्र प्रदेश की राजधानी हैदराबाद में बजरंग दल के संकल्प में सहयोग करते हुए एक जोड़े ने वेलेंटाइन डे पर खुशी-खुशी शादी रचा ली।
ज्ञात हो कि बजरंग दल द्वारा धमकी दी गई थी कि वेलेंटाइन डे मनाते पकड़े गए जोड़ों की जबरन शादी करवा दी जाएगी।
हैदराबाद के कोटि इलाके के रहने वाले विजय आनंद व कृति ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को पूरा सहयोग किया और दोनों ने बजरंग दल कार्यालय में खुशी-खुशी शादी रचा ली।
दूसरी ओर पुलिस ने हैदराबाद के बाहरी इलाके में स्थित गांदीपेट नामक एक पिकनिक स्थल पर एक जोड़े की जबरन शादी रचाने की कोशिश कर रहे बजरंग दल के 20 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications