राजस्थान के गांवों में खुलेंगे उपहार बाजार
सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार मुकेश शर्मा ने बताया कि इस दिशा में पहल करते हुए राज्य में गांव स्तर का पहला मिनी उपहार सहकारी सुपर मार्केट झुंझुनूं जिले के कुल्हड़ियां का बास ग्राम सेवा सहकारी समिति में इसी माह के अंत तक खुल जाएगा।
मुकेश शर्मा ने बताया कि राज्य में 34 उपहार सहकारी सुपर मार्केट खोल कर देश की सबसे बड़ी सहकारी सुपर मार्केट श्रृंखला स्थापित की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि मार्च तक लगभग 10 नए सहकारी सुपर मार्केट खोलने की योजना है। इसके लिए राज्य सहकारी उपभोक्ता संघ के नेतृत्व में कार्य योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मार्च तक जयपुर शहर में भी समृद्घि, बापू बाजार और वैशाली नगर के उपहार सुपर मार्केट को नया स्वरुप देते हुए अधिक सुविधायुक्त बनाया जाएगा।
शर्मा ने कहा कि सहकारिता विभाग ने राज्य में रिटेल मार्केटिंग के क्षेत्र में देश की सबसे बड़ी श्रृंखला बनाने के साथ ही अब इस सुविधा से गांवों को जोड़ने की पहल भी की है। इसके लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्र में ब्लॉक स्तर पर कम से कम दो-दो ग्राम सेवा सहकारी समितियों को मिनी सुपर मार्केट खोलने के लिए चिन्हित कर सूचित करें ताकि पहले चरण में मिनी सुपर मार्केट खोलने की कार्ययोजना को शीघ्र ही कार्यरुप में लागू किया जा सके। उन्होंने बताया कि मिनी सुपर मार्केट भी राज्य सहकारी उपभोक्ता संघ के नेतृत्व में ही खुालेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications