सिंध के इसी घर में रची गई थी मुंबई हमले की साजिश
जियो टीवी ने भारत के गुजरात तट से 160 किलोमीटर दूर मीरपुर साकरो के अब वीरान पड़े घर के दृश्य भी दिखाए हैं।
छोटे-छोटे कमरों वाले इस परिसर में ही मुंबई हमले में एकमात्र जिंदा गिरफ्तार आतंकवादी आमिर अजमल कसाब और उसके साथियों ने हमले की साजिश रची थी।
जियो टीवी ने कहा कि यह पता लगा है कि ये लोग परिसर के एक पूर्ण सुसज्जित कमरे में रहते थे।
समाचार पत्रों के अनुसार मुंबई हमले में शामिल लोगों के कमरे में कुछ किताबें और दीवार पर दुनिया का बड़ा मानचित्र था, जिसमें मुंबई पर स्पष्ट रूप से निशान लगाया गया था।
मुख्य कमरे में दो चारपाई, कंबल और गद्दे रखे हुए थे। एक अन्य कमरे में लॉकर के साथ ही एक छोटी आलमारी थी जिसे संभवत: सुरक्षाकर्मियों ने तोड़कर खोला था। वहीं चाबियों का गुच्छा पड़ा था।
इस परिसर की देखरेख का दावा करने वाले मुमताज नामक एक व्यक्ति ने जियो टीवी से कहा कि उसे इसके किराए के रूप में 15,000 रुपये दिए गए थे।
उसने कहा कि अब वह पहले रहने वाले लोगों से संपर्क करने में विफल रहा है क्योंकि उनके मोबाइल फोन काम नहीं कर रहे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications