स्वास्थ्य लाभ के दौरान भी सक्रिय हैं मनमोहन सिंह
नई दिल्ली, 15 फरवरी (आईएएनएस)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में बाइपास सर्जरी कराने के बाद करीब दो सप्ताह पहले अपने सरकारी आवास 7, रेस कोर्स लौटे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। चिकित्सक हालांकि उनके स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए हैं।
प्रधानमंत्री व्यायाम करने के अलावा सहयोगियों के साथ बैठक, महत्वपूर्ण मामलों से जुड़ी फाइलों और समाचार पत्रों व टेलीविजन की खबरों को देख रहे हैं।
आठ फरवरी को टांका कटने के बाद संक्रमण के खतरा को देखते हुए उनके परिवार के सदस्यों के अलावा कुछ चुनिंदा लोगों को ही उनसे मिलने की अनुमति है।
प्रधानमंत्री के एक सहयोगी ने कहा, "वे अभी स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं और वे जल्द से जल्द सामान्य कामकाज करना चाहते हैं। लेकिन पूरी तरह स्वस्थ होने में अभी उन्हें कुछ और सप्ताह लगेंगे।"
प्रधानमंत्री की सेहत पर लगातार नजर रखने के लिए डॉक्टरों की एक टीम 5, रेस कोर्स में ठहरी हुई है जो दिन में कम से कम दो बार उनका परीक्षण करती है। डॉक्टरों का कहना है कि प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है।
22 मई 2004 को प्रधानमंत्री की कुर्सी संभालने के बाद से एक भी दिन अवकाश नहीं लेने वाले प्रधानमंत्री इन दिनों नीतिगत मुद्दों पर अपने सहयोगियों से चर्चा भी कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव टी.के.ए. नायर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एम. के. नारायणन और उनके निजी सचिव जयदीप सरकार व इंदू शेखर चतुर्वेदी महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए समय-समय पर उनके साथ बैठक कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications