मतदाताओं के लिए स्याही तैयार करने में लगी है मैसूर की कंपनी
नई दिल्ली, 15 फरवरी (आईएएनएस)। मैसूर की एक पेंट कंपनी का एक अधिकारी एक कंपनी परिसर के एक सुरक्षित कमरे में वह स्याही बनाने में जुटा है जिसका इस्तेमाल चुनावों के दौरान मतदाताओं की उंगलियों पर लगाने के लिए किया जाता है।
मैसूर पेंट्स एंड वार्निश लिमिटेड में सिर्फ एक व्यक्ति को यह स्याही बनाने का तरीका मालूम है वह हैं कंपनी के क्वोलिटी कंट्रोल मैनेजर। कंपनी के प्रबंध निदेशक के.जे. सुरेश ने बताया कि वह पिछले 20-25 वर्षो से यह काम कर रहे हैं और कंपनी को उनके सेवानिवृत्त हो जाने के बाद यह काम करने के लिए एक व्यक्ति की तलाश करनी होगी।
यद्यपि चुनावों की तिथियां घोषित नहीं हुई हैं लेकिन देश में आगामी अप्रैल या मई में किसी समय लोकसभा चुनाव आयोजित हो सकते हैं। इस बीच कंपनी के पास ढेरों आर्डर आ चुके हैं।
सुरेश ने आईएएनएस को बताया, "अब तक हमें 21 राज्यों से आर्डर मिल चुके हैं।" उन्होंने कहा कि कंपनी अगले सप्ताह तक स्याही का उत्पादन आरंभ कर देगी और इस अवधि के दौरान वहां आमतौर पर होने वाला पेंट आदि का उत्पादन बंद रहेगा।
इस अमिट स्याही का इस्तेमाल सन 1962 के आम चुनावों से शुरू हुआ था। इसका विकास नेशनल फिजिकल लेबोरेटरी ने किया था। सरकारी कंपनी नेशनल रिसर्च डेवलपमेंट काउंसिल ने इसके निर्माण का लाइसेंस मैसूर पेंट्स को जारी किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications