उड़ीसा में ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त, 15 मरे, 150 घायल

पूर्वी सीमा रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी जेपी मिश्रा ने इस घटना के बारे में अधिक जानकारी देते हुए बताया कि हावड़ा से आने वाली सुपर फास्ट रेलगाड़ी के 27 में से 14 डिब्बे पटरी से उतर गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना में कुछ डिब्बे एक दूसरे के ऊपर गिर गए। तमाम यात्री अभी भी डिब्बें में फंसे हुए हैं। रेलगाड़ी में करीब 1500 यात्री सवार थे। यह हादसा शुक्रवार शाम साढ़े सात बजे हुआ, जबकि रेल अधिकारी रात्रि नौ बजे तक दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। पूरा इलाका उस दौरान अंधेरे में डूबा हुआ था। स्थानीय लोगों ने डीजल जैनरेटर लगाकर राहत कार्य में मदद की।
दुर्घटना स्थल पर राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। श्री मिश्र के मुताबिक दो राहत रेलगाडि़यां खुर्दा रोड और भद्रक रेलवे स्टेशन से दुर्घटना स्थल के लिए रवाना की जा चुकी हैं।
उड़ीसा के पुलिस महानिदेशक मनमोहन प्रहराज ने बताया कि राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
उधर नई दिल्ली में रेल मंत्री लालू प्रसाद दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि हादसे में 15 यात्रियों की मौत हो गई और करीब 50 से 60 लोग घायल हो गए जिनमें से कई की हालत गंभीर है।


Click it and Unblock the Notifications