अमरीका में विमान दुर्घटना, 50 की मौत

जानकारी के मुताबिक न्यूयॉर्क स्टेट के बफ़ैलो हवाईअड्डे के पास एक यात्री विमान उतरने से पाँच मिनट पहले एक मकान से जा टकराया.
दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है. जाँचकर्ताओं की टीम घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई है.
इस दौरान अमरीकी जाँच एजेंसी एफ़बीआई के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना के पीछे किसी आतंकी गतिविधि या साजिश की कोई भूमिका नहीं है.
इस दुर्घटना में विमान में सवार सभी 44 यात्रियों की मौत हो गई है. इसके अलावा विमान चालकों के चार सदस्यी दल और एक अन्य उड्डयन अधिकारी की भी इस हादसे में मौत हो गई है.
विमान उतरने से पहले जिस घर से जा टकराया, उसमें रहनेवाले एक व्यक्ति की भी मौत हो गई है.
हालांकि अधिकारियों ने बताया है कि घर में रहनेवाली एक महिला और एक बच्चे को हादसे में कुछ मामूली चोटें आई हैं और वे बच गए हैं.
कारण स्पष्ट नहीं
अधिकारियों ने यह भी बताया है कि दुर्घटना से पहले विमान की ओर से किसी भी तरह की चेतावनी भी जारी नहीं की गई थी.
हादसे के कारणों और अन्य बातों की पड़ताल के लिए दो फ़्लाइट रिकॉर्डरों को अधिकारियों ने जाँच के लिए वाशिंगटन भेज दिया है ताकि वजहों से पर्दा उठ सके.
हालांकि जाँच के काम को तेज़ी से कर पाना संभव नहीं हो पा रहा है. विमान के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने और ख़राब मौसम के कारण इसमें बाधा उत्पन्न हो रही है.
पर अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना से कुछ मिनट पहले तक जो भी बातचीत हुई उसमें मौसम या और किसी दिक्कत के बारे में कोई जानकारी विमान की ओर से नहीं जारी की गई.
हादसे की जानकारी देने के लिए प्रेस से मुख़ातिब अधिकारियों ने बताया कि विमान एकाएक रडार के सिग्नल से ग़ायब हो गया.


Click it and Unblock the Notifications