सत्यम घोटाला : धोखाधड़ी विरोधी प्रकोष्ठ के अधिकारियों ने राजू से की पूछताछ
एसएफआईओ के अधिकारियों ने आरोपियों के वकील की उपस्थिति में पूरे दिन उनसे पूछताछ की। अधिकारियों ने खुद को तीन दलों में बांटकर सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ की।
जांचकर्ताओं ने 70 अरब रुपये के घोटाले के संबंध में आरोपियों के बयान दर्ज किए।
माना जा रहा है कि एसएफआईओ ने रामलिंगा राजू से बहीखातों में छेड़छाड़, इनसाइडर ट्रेडिंग, अपने परिवार द्वारा शुरू की गई 300 कंपनियों में सत्यम के फंड को लगाने और घोटाले में कंपनी के अन्य अधिकारियों की भूमिका के बारे में पूछताछ की।
उल्लेखनीय है कि शहर की एक अदालत ने शुक्रवार को एसएफआईओ को दो दिनों तक सभी पांचों गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की अनुमति दी थी। एसएफआईओ का दल रविवार को प्राइसवाटरहाउसकूपर्स के दो अधिकारियों से एस.गोपालकृष्णन और श्रीनिवास तालुरी से पूछताछ करेगा।
गंभीर वित्तीय घोटालों की जांच करने वाली संस्था एसएफआईओ ने सभी आरोपियों के बयान दर्ज करने के लिए 10 का समय मांगा था।
एसएफआईओ की जांच के बाद राजू बंधुओं को भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) की तीन दिवसीय जांच का सामना करना होगा। सर्वोच्च न्यायालय के अंतरिम आदेश से सेबी के अधिकारी चार से छह फरवरी तक उनसे पूछताछ करेंगे।
सेबी ने एक याचिका दाखिल करके वदलामणि श्रीनिवासन और दो पूर्व आडिटरों से भी पूछताछ की अनुमति मांगी है। सेबी की याचिका पर छठे अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट डी.रामकृष्ण ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है और वे 17 फरवरी को अपना निर्णय सुनाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications