कसाब की हिरासत मांग सकता है पाकिस्तान (लीड-2)
रहमान मलिक ने कराची में संवाददाताओं से कहा कि जांच प्रक्रिया में यदि कसाब की आवश्यकता पड़ी तो पाकिस्तान उसको सौंपने की मांग कर सकता है।
मलिक ने कहा कि हमने एक एफआईआर दर्ज की है। अब यदि जांच में आवश्यकता हुई तो हम उस तक पहुंच के लिए कहेंगे। अभी तक हमने कसाब को हिरासत में सौंपने के लिए नहीं कहा है।
मलिक ने कहा कि कसाब उन आठ लोगों में से एक है जिनका नाम संघीय जांच एजेंसी ने प्रथम सूचना रिपोर्ट में दर्ज किया है। इनमें से छह को गिरफ्तार कर लिया गया है और दो गिरफ्त से बाहर हैं।
मलिक ने कहा कि हमने भारत से और सूचनाओं की मांग की है, जिससे हम न्यायालय में जा सकें। हम पाकिस्तान के लोगों और न्यायालयों के प्रति जवाबदेह हैं और उनके लिए न्याय सुनिश्चित करना चाहते हैं।
पाकिस्तान इससे पहले लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर जकीउर रहमान लखवी और जरार शाह के प्रत्यर्पण की भारत की मांग को ठुकरा चुका है। भारत ने इन दोनों पर मुंबई हमले की साजिश रचने का आरोप लगाया है। पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने इन दोनों को दिसम्बर 2008 में गिरफ्तार किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications