विमान दुर्घटना में 49 लोगों की मौत

विमान बुफ़ैलो हवाई अड्डे पर उतरने वाला था. लेकिन पाँच मिनट पहले स्थानीय समय के मुताबिक़ रात 10 बजकर 10 मिनट पर यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया. विमान एक मकान पर आकर गिरा.
विमान में 44 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे. विमान के मकान पर गिरने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई.
अधिकारियों के मुताबिक़ अभी तक दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है. लेकिन जिस समय ये हादसा हुआ, उस समय वहाँ हल्की बर्फ़बारी हो रही थी और कुहरा भी था.
दुर्घटना
विमान जिस इलाक़े में गिरा है, वहाँ आसपास के कई घरों को ख़ाली करा लिया गया है.
प्रांत की पुलिस प्रवक्ता रेबेका गिबन्स ने बताया है कि विमान में सवार सभी लोग मारे गए हैं. जबकि एक अन्य व्यक्ति विमान के मकान पर गिरने के कारण मारा गया.
अधिकारियों के मुताबिक़ जिस मकान पर विमान गिरा, उसमें तीन लोग मौजूद थे. एक व्यक्ति की तो मौत हो गई लेकिन बाक़ी के दो लोग निकल भागने में सफल रहे. हालाँकि उन्हें हल्की-फुल्की चोटें आई हैं.
ये विमान न्यू जर्सी के निवार्क हवाई अड्डे से बुफ़ैलो नियाग्रा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए उड़ा था.
प्रत्यक्षदर्शी
अमरीकी मीडिया के बुफ़ैलो एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग के हवाले से बताया है कि दुर्घटना के कुछ समय पहले तक न तो ट्रैफ़िक कंट्रोलर और न पायलट की ओर से कोई चिंता जताई गई थी.
दुर्घटना से पहले मैंने तेज़ आवाज़ सुनी और फिर एकाएक आवाज़ बंद हो गई. लेकिन कुछ देर बाद ज़ोर का धमाका हुआ. धमाका इतना ज़ोरदार था कि हमारा घर भी हिल गया डेविड लूस
| |
लेकिन इसके एक मिनट बाद ही विमान का संपर्क टूट गया. अधिकारियों के मुताबिक़ विमान दुर्घटना के कारण आग लग गई थी, जिस पर अब क़ाबू पा लिया गया है.
जिस जगह विमान गिरा, उससे थोड़ी ही दूर पर रहने वाले स्थानीय निवासी डेविड लूस ने बुफ़ैलो अख़बार को बताया, "दुर्घटना से पहले मैंने तेज़ आवाज़ सुनी और फिर एकाएक आवाज़ बंद हो गई. लेकिन कुछ देर बाद ज़ोर का धमाका हुआ. धमाका इतना ज़ोरदार था कि हमारा घर भी हिल गया."
उन्होंने बताया कि जब वे घटनास्थल पर पहुँचे तो वहाँ 50 फ़ीट ऊँची आग की लपटें दिख रही थी और मकान पूरी तरह मलबे में बदल गया था.


Click it and Unblock the Notifications