लिंकन की 200वीं वर्षगाँठ पर समारोह

अब्राहम लिकंन का जन्म 12 फ़रवरी 1809 को हुआ था और वे अमरीका के सोलहवें राष्ट्रपति थे.
इस मौके पर वाशिंगटन में समारोह हुए हैं. अब्राहम लिंकन की 200वीं वर्षगाँठ के मौके पर बराक ओबामा ने कहा, "लिंकन ने बँटे हुए देश को एक किया. हम कई तरह से बँटे हुए थे, उत्तर-दक्षिण, काला-गोरा...लेकिन उन्हें विश्वास था कि हम सब एक हैं."
अब्राहम लिंकन की गिनती अमरीका के ही नहीं बल्कि विश्व के बेहतरीन नेताओं में होती है. अमरीका में गृह युद्ध के दौरान देश को एकजुट रखने का श्रेय लिंकन को ही जाता है. साथ ही दास-प्रथा के अंत का श्रेय भी उन्हें ही दिया जाता है.
महान नेता
लिंकन की इसी फ़ोर्ड थिएटर में हत्या कर दी गई थी
जन्म की 200वीं वर्षगाँठ के मौके पर अमरीका में लिंकन डाक टिकिट, सिक्के और किताबें निकाली गई हैं. लिंकन पर अब तक दस हज़ार से ज़्यादा क़िताबें लिखी जा चुकी हैं.
वाशिंगटन के जिस फ़ोर्ड थिएटर में 1865 में लिंकन की हत्या की गई थी, उसे भी दोबारा खोला गया है. इस इमारत की मरम्मत पर पाँच करोड़ डॉलर ख़र्च किए गए हैं.
इस थिएटर का अंदरूनी हिस्सा तो अब पहले जैसा नहीं रहा. उस समय फ़ोटोग्राफ़र मैथ्यू ब्रैडी ने घटनास्थल की तस्वीरें ली थीं और इन्हीं तस्वीरों को ध्यान में रखते हुए इमारत की मरम्मत की गई है.
इस थिएटर को देखने के लिए हर साल लगभग 10 लाख लोग आते हैं.
यूँ तो लिंकन का हमेशा से ही अमरीका में ख़ासा सम्मान रहा है लेकिन नए राष्ट्रपति ओबामा के आने के बाद से लिंकन एक फिर बार चर्चा में हैं.
ओबामा ने राष्ट्रपति पद की शपथ लेते समय लिंकन के ही बाइबल का इस्तेमाल किया था.


Click it and Unblock the Notifications