क्या अमरीकी बंदूकें तालेबान के पास?

जी हाँ, अमरीका की सरकार की ताज़ा चिंता इसी बात को लेकर है.
अमरीकी सरकार की एक ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक ऐसे कई हज़ार हथियारों का कोई हिसाब उनके पास नहीं है जिन्हें अफ़ग़ानिस्तान में तालेबान चरमपंथियों के ख़िलाफ़ इस्तेमाल होने के लिए भेजा गया था.
चिंता की बड़ी वजह यह आशंका है कि कहीं ये हथियार तालेबान लड़ाकों का हाथ में तो नहीं पहुँच गए हैं या अगर नहीं, तो कहीं पहुँच न जाएं.
ये हथियार अमरीका से अफ़ग़ानिस्तान में चरमपंथियों का मुक़ाबला कर रही नैटो गठबंधन सेना के लिए भेजे गए थे.
हाल ही में अमरीका सरकार के लेखा-जोखा एवं जवाबदेही विभाग की ओर से एक अध्ययन करके रिपोर्ट तैयार की गई है जिसमें यह चिंता व्यक्त की गई है.
रिपोर्ट के मुताबिक हथियारों के इन जखीरों में पिस्तौलें, राइफ़लें, मशीनगनें, मोर्टार, रॉकेट और ग्रेनेड लॉन्चर जैसे हथियार शामिल हैं.
रिपोर्ट में कहा गया है कि न तो अफ़ग़ानिस्तान भेजे गए हथियारों के नंबर ही सरकार के या किसी आला अधिकारी के पास हैं और न हीं यह पता चल पा रहा है कि किस इलाके में कितने हथियार किसे दिए गए हैं.
इससे हथियारों के चोरी होने या खो जाने का खतरा भी बना हुआ है.


Click it and Unblock the Notifications