ओबामा की नजर में भारत एक महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार
वाशिंगटन, 13 फरवरी (आईएएनएस)। भारत की उपेक्षा करने संबंधी बातों को खारिज करते हुए बराक ओबामा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भारत अमेरिका के लिए एक महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार है।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता रॉबर्ट वुड ने संवाददाताओं से कहा, "अमेरिका के लिए भारत एक महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार है।"
उन्होंने कहा कि भारत के साथ हुए असैन्य परमाणु समझौते के क्रियान्वयन का काम चल रहा है। वुड ने कहा, "मैं अभी यह बताने कि स्थिति में नहीं हूं कि समझौते के क्रियान्वयन को लेकर हम कहां तक पहुंचे हैं लेकिन इतना तय है कि हम इसे पूरा करना चाहते हैं।"
मुंबई हमले को लेकर पाकिस्तान में छह लोगों की गिरफ्तारी के बारे में प्रवक्ता ने कहा, "हमने और भारत ने भी पाकिस्तान से कहा है कि वह मुंबई हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा दिलाने के लिए पूरा सहयोग करे। ऐसे में यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा।"
गौरतलब है कि 26 नंवबर, 2008 को मुंबई के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर हुए हमले में लगभग 175 लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications