उप्र में वेलेंटाइन डे का शिवसैनिक विरोध
उप्र शिव सेना इकाई के अध्यक्ष उदय पांडे ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि प्रदेशभर में हमारे कार्यकर्ता वेलेंटाइन डे के दिन स्कूलों, कालेजों पार्को, सिनेमाघरों, होटलों और शापिंग माल्स समेत सार्वजनिक स्थानों पर अविवाहित प्रेमी जोड़ों को पकड़कर उनकी करतूत से उनके घर वालों को अवगत कराएंगे।
पांडे ने बताया कि हमारे कार्यकर्ता प्रेमी युगलों से उनके माता-पिता का नंबर लेकर वहीं से उन्हें फोन से जोड़ों की प्रेम कहानी बताएंगे। पाश्चात्य संस्कृति के खिलाफ हम इस नये हिंसामुक्त तरीके से अपना विरोध प्रकट करेंगे। पांडे के मुताबिक प्रदेशभर में करीब 3,000,00 शिवसैनिक हैं।
उधर पुलिस महानिदेशक विक्रम सिंह ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि वेलेंटाइन डे पर प्रदेशभर में किसी भी तरह की हिंसा और हुड़दंग न होने पाये।
लखनऊ के पुलिस अधीक्षक (कानून-व्यवस्था) रघुवीर लाल ने कहा कि वेलेन्टाइन डे के दिन स्कूलों, कालेजों पार्को, सिनेमाघरों, होटलों और शापिंग माल्स समेत सार्वजनिक स्थानों पर सादी वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। जो भी तत्व गड़बड़ी फैलाएंगे उनसे पुलिस सख्ती से निपटेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications