वैश्विक बाजारों की तर्ज पर उछले शेयर बाजार (राउंडअप)
बीएसई में धातु, पूंजीगत वस्तु, रियल्टी, बिजली, आटो, बैंकिंग और तेल एवं गैस क्षेत्र के शेयरों की अच्छी लिवाली हुई और इनके सूचकांकों में दो फीसदी से अधिक की तेजी देखी गई।
आज जिन कंपनियों के शेयरों की कीमतों में सबसे अधिक तेजी दर्ज की गई उनमें रिलायंस इंडस्ट्रीज, भेल, एनटीपीसी, ओएनजीसी, एसबीआई और रिलायंस कम्युनिकेशंस आदि शामिल हैं।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स गुरुवार के मुकाबले 74.77 अंक ऊपर 9,540.60 पर खुला। दिन का कारोबार समाप्त होते समय सेंसेक्स 168.91अंकों यानी 1.78 फीसदी की तेजी के साथ 9,634.74 पर था। सेंसेक्स ने 9,695.59 के उच्चतम और 9,540.60 के निम्नतम स्तर पर कारोबार किया।
बीएसई के मिडकैप और स्मालकैप सूचकांकों में भी तेजी दर्ज की गई। मिडकैप सूचकांक 44.84 अंक यानी 1.51 फीसदी की तेजी के साथ 3,012.95 के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह स्मालकैप सूचकांक 20.79 अंक यानी 0.62 फीसदी की तेजी के साथ 3,395.58 के स्तर पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी ने गुरुवार के मुकाबले 3.90 अंक ऊपर 2,896.95 पर कारोबार की शुरुआत की। कारोबार के अंत में यह 55.30 अंकों यानी 1.91 फीसदी की तेजी के साथ 2,948.35 पर था। निफ्टी ने 2,969.75 के ऊपरी और 2,896.85 के निचले स्तर पर कारोबार किया।
बीएसई में दिन का कारोबार सकारात्मक रहा और कारोबार के अंत में यहां 1484 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में तेजी आई जबकि महज 947 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में कमी आई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications