अंतरिम रेल बजट : किराये में कमी और 43 नई ट्रेनों का तोहफा
वित्तीय वर्ष 2009-10 के लिए लोकसभा में अंतरिम रेल बजट पेश करते हुए लालू ने 14 ट्रेनों के गंतव्य बढ़ाने, 14 अन्य के फेरे बढ़ाने के साथ ही अगले वित्त वर्ष में 379.05 अरब रुपये की योजना की रूपरेखा प्रस्तुत की।
संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के सभी पांचों रेल बजट पेश करने वाले लालू ने कहा, "मैं गौरवान्वित हूं कि राष्ट्र सेवा की अपनी यात्रा में भारतीय रेल ने एक महत्वपूर्ण पड़ा हासिल किया है।"
उन्होंने कहा, "मैं गर्व से कह सकता हूं कि भारतीय रेलवे ने प्रत्येक वर्ष एक नई ऊंचाई को हासिल किया है और आज आम लोगों पर बिना कोई बोझ डाले पिछले पांच वर्षो में ऐतिहासिक 900 अरब रुपये की अतिरिक्त नकद कमाई की है।"
अपने लोकलुभावन बजट में लालू ने कुछ नई ट्रेनों की घोषणा की।
दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी रेल व्यवस्था भारतीय रेलवे प्रतिदिन 11 हजार ट्रेनों का परिचालन करती है जिनमें से सात हजार यात्री ट्रेनें हैं।
पिछले बजट में लालू ने द्वितीय श्रेणी और स्लीपर क्लास के 50 रुपये से अधिक किराये पर पांच प्रतिशत तक की कमी की घोषणा की थी।
उन्होंने कहा कि लंबी दूरी के यात्रियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्होंने इस बजट में द्वितीय और स्लीपर क्लास के 50 रुपये से अधिक के किराये में दो प्रतिशत तक की कमी का प्रस्ताव किया है।
उन्होंने वातानुकूलित श्रेणी के लिए भी किराये में भी इतने कमी की घोषणा की।
हाल ही जापान का दौरा करने वाले लालू ने कहा कि पांच मार्गो पर बुलेट ट्रेन चलाने की संभावना तलाशने के लिए अध्ययन जारी है जबकि दिल्ली-पटना खंड पर बूलेट ट्रेन चलाने के लिए अध्ययन पूरा कर लिया गया है।
उन्होंने चार और गरीब रथों की घोषणा की।
लालू ने स्वीकार किया कि वर्तमान आर्थिक मंदी के कारण माल ढुलाई में कमी आई है विशेषकर अक्टूबर-नवंबर के महीने में। हालांकि उन्होंने कहा कि अगले दो माह में इसके बढ़ने की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications