श्रीलंका ने ब्रिटेन के विशेष दूत की नियुक्ति को ठुकराया (लीड-1)
कोलंबो, 13 फरवरी (आईएएनएस)। श्रीलंका ने देश के उत्तरी हिस्से में मानवीय हालात पर नजर रखने के लिए ब्रिटिश प्रधानमंत्री द्वारा विशेष दूत की नियुक्ति को खारिज कर दिया है।
श्रीलंकाई सरकार के प्रवक्ता और मीडिया मंत्री अनुरा प्रियदर्शन यापा ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, "हमारा मानना है कि श्रीलंका के लिए विशेष दूत नियुक्त करना अनावश्यक है। हमने ब्रिटिश उच्चायुक्त से अपनी अप्रसन्नता भी जाहिर कर दी है।"
उन्होंने कहा, "हम कोई उपनिवेश नहीं हैं। श्रीलंका युद्ध से प्रभावित लोगों की समस्याओं को सुलझाने में सक्षम है।"
इससे पहले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री गॉर्डन ब्राउन ने पूर्व रक्षा मंत्री डेस ब्राउन को उत्तरी श्रीलंका में मानवीय हालात पर नजर रखने के लिए अपना विशेष दूत नियुक्त किया था।
कोलंबो स्थित ब्रिटिश उच्चायोग ने गुरुवार को एक बयान जारी कर कहा, "अपनी नई भूमिका में डेस ब्राउन उत्तरी श्रीलंका में मौजूदा मानवीय हालात और विवाद के राजनीतिक समाधान पर ध्यान केंद्रित करेंगे।"
इस बयान में 57 वर्षीय डेस ब्राउन ने कहा, "मैं श्रीलंका में गंभीर मानवीय हालात को सुधारने और विवाद के राजनीतिक समाधान के लिए ब्रिटेन के प्रयासों में अपना योगदान दूंगा।"
गौरतलब है कि उनकी नियुक्ति विशेष दूत के रूप में उस समय की गई जब अंतर्राष्ट्रीय स्तर इस बात को लेकर चिंता बढ़ गई थी कि उत्तरी श्रीलंका में चल रही लड़ाई में हजारों नागरिक फंसे हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications