पाक का कदम सकारात्मक : भारत
मुंबई हमले में पाकिस्तानी तत्वों की भूमिका से लगातार इनकार करने के क्रम को भंग करते हुए इस्लामाबाद ने पहली बार स्वीकार किया कि मुंबई हमले की साजिश का कुछ हिस्सा उसकी जमीन में रचा गया। नई दिल्ली ने इसे सकारात्मक कदम कहा है।
विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने एक बयान में कहा कि अपने आधिकारिक जवाब में पाकिस्तानी अधिकारियों ने स्वीकार किया कि मुंबई पर आतंकवादी हमले में पाकिस्तानी तत्व शामिल थे।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में जांच जारी है और हमले में शामिल कुछ लोगों की गिरफ्तारी तथा पहली बार प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही कुछ निश्चित कदम उठाए गए हैं। यह एक सकारात्मक कदम है।
भारत ने यह स्पष्ट कर दिया कि वह मुंबई हमले को तार्किक परिणति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और पाकिस्तान से आतंकवाद के ढांचे को खत्म करने के लिए विश्वसनीय कदम उठाने को कहा है।
इससे पहले पाकिस्तान के विदेश सचिव सलमान बशीर ने भारतीय दस्तावेजों पर पाकिस्तान के आधिकारिक जवाब को भारतीय उच्चायुक्त सत्यव्रत पाल को सौंपा। भारत ने पांच जनवरी को मुंबई हमले के संबंध में पाकिस्तान को दस्तावेज सौंपे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications