वेलेंटाइन डे को लेकर भोपाल में गरमाया माहौल
प्रेम का इजहार करने वाले दिन वेलेंटाइन डे को लेकर पिछले कुछ वषों से समर्थन और विरोध में आवाजें उठती रही हैं।
बजरंग दल ने इस दिन को भारतीय संस्कृति के खिलाफ करार देते हुए हाथों में डंडे उठा लिए हैं। बजरंग दल ने ऐलान किया है कि वह हर पार्क और चौराहे पर कड़ी नजर रखेगा तथा उसे प्यार की पीगें लड़ते जो भी जोड़े नजर आएंगे उनकी वह शादी कराएगा।
वहीं दूसरी ओर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने भोपाल में सदबुद्घि यज्ञ किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने यज्ञ में आहुतियां देकर ईश्वर से प्रार्थना की कि वह वेलेंटाइन डे का विरोध करने वालों को सदबुद्घि दें ताकि वे समाज में अशांति फैलाने की मंशा ही त्याग दें।
भोपाल के पुलिस अधीक्षक जयदीप प्रसाद ने आईएएनएस को बताया कि वेलेन्टाइन डे पर किसी भी तरह का हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी तत्व गड़बड़ी फैलाएंगे उनसे पुलिस सख्ती से निपटेगी। वेलेंटाइन डे के दिन हर प्रमुख स्थलों पर पुलिस तैनात रहेगी और गड़बड़ी फैलाने वालों को नहीं बख्शेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications