श्रीलंका में 28 विद्रोही मारे गए, लिट्टे के वाहन बरामद
रक्षा मंत्रालय के एक बयान में कहा गया कि सेना की 58वीं डिवीजन ने युद्ध क्षेत्र में पिछले सप्ताह से जारी संघर्ष में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
बयान में कहा गया कि 58वीं डिवीजन फिलहाल ए-35 हाईवे से कार्रवाई कर रही है जो कि पारंथन इलाके को मुल्लइतिवु के सघन जंगली क्षेत्र से जोड़ता है।
बयान में कहा गया कि अग्रिम मोर्चे पर तैनात जवानों ने कई स्थानों पर 23 विद्रोहियों को मार गिराया। इसके साथ ही अलग-अलग संघर्षो में पांच विद्रोहियों की मौत हो गई।
सेना ने सिन्नाविल्लु क्षेत्र में बुधवार को लिट्टे के एक मजबूत शिविर पर कब्जा कर लिया। सेना ने यहां से भारी मात्रा में हथियार, चार 120 एमएम मोर्टार गन, दो 81 एमएम मोर्टार गन बरामद किया।
सेना ने इसके साथ ही कई वाहन भी बरामद किए हैं। माना जा रहा है कि इन वाहनों का प्रयोग लिट्टे के वरिष्ठ सदस्य करते होंगे।
सरकारी टेलीविजन चैनल ने इनमें एक वाहन का फुटेज दिखाते हुए कहा कि इसे लिट्टे प्रमुख वेलुपिल्लई प्रभाकरन इस्तेमाल करते थे। चैनल ने कहा कि वर्ष 2002 में एक संवाददाता सम्मेलन में प्रभाकरन ने इसी वाहन का इस्तेमाल किया था।
सेना की 58वीं डिवीजन ने बुधवार को सुथनथिरापुरम में लिट्टे के प्रिंटिंग प्रेस और मोर्टार बम उत्पादन फैक्टरी पर कब्जा कर लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications