एम़ पी़ एक्सपोर्टेक 2009 में 75 विदेशी कारोबारियों को आमंत्रण
राज्य सरकार द्वारा केंद्र सरकार के सहयोग से होने वाली तीन दिवसीय मीट के आयोजन की तैयारी शुरू कर दी गई है। आयोजन स्थल अभय प्रशाल खेल परिसर को चार सेक्टर में विभाजित किया जाएगा। इनमें हर्बल उत्पाद व प्रसंस्करित खाद्य पदार्थ, इंजीनियरिंग, दवाओं और कपड़ा आदि के उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा।
प्रदेश के लघु उद्योग निगम के प्रबंध संचालक एम़ गोपाल रेड्डी के मुताबिक इस आयोजन में आमंत्रित किए गए 75 विदेशी आयातकों में से 50 की मंजूरी मिल चुकी है। इसके अतिरिक्त विभिन्न निर्यात एजेन्सियों के एक दर्जन से अधिक प्रतिनिधियों और कई आयातकर्ता देशों के राजदूतों के भी इस आयोजन में शामिल होने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि जून 2007 में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उद्योग पंचायत के दौरान प्रदेश के औद्योगिक उत्पादन का निर्यात बढ़ाने के लिए रिवर्स बायर सेलर मीट के आयोजन पर जोर दिया था। जनवरी 2008 में पहली मीट ग्वालियर में हुई थी। जिसमें निर्यात क्षेत्र के 136 उद्योगों ने हिस्सा लिया था। इस मीट में 25 देशों के 49 आयातकों व नौ देशों के राजदूत व 20 देशों के दूतावासों के अधिकारियों ने भागीदारी की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications