मप्र सरकार को शराब दुकानों के आवेदनों से 55 करोड़ रुपये की आय
मध्य प्रदेश में आगामी वर्ष के लिए 3,382 शराब दुकानों की नीलामी की जानी है, जिनका आरक्षित मूल्य 1,935 करोड़ निर्धारित है। प्रथम चरण में 1,624 करोड़ मूल्य की शराब दुकानों पर निष्पादन किया जाना है। यह राज्य में आरक्षित मूल्य का 84 फीसदी है। इसके लिए आवेदन पत्र जमा करने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
आवकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आगामी वर्ष के लिए जिन शराब दुकानों को आवंटित किया जाना है उनके लिए शराब व्यवसायियों ने कुल एक लाख 35 हजार आवेदनों की खरीदी की, जिससे विभाग को 55 करोड़ 18 लाख के राजस्व की प्राप्ति हुई है। जिन दुकानों के लिए एक से अधिक आवेदन आए है उनका चयन 13 फरवरी को लाटरी प्रक्रिया के जरिए किया जाना प्रस्तावित है।
इस वर्ष आवेदन पत्रों के जरिए प्राप्त हुआ राजस्व इससे पहले वर्ष 2004-05 में प्राप्त हुए राजस्व से लगभग चार गुना है। वर्ष 2004 -05 में आवेदन पत्रों के जरिए सरकार को सिर्फ 14 करोड़ के राजस्व की प्राप्ति हुई थी। जबकि इस वर्ष 55 करोड़ 18 लाख का राजस्व अर्जित किया है।
आगामी वर्ष के लिए प्रदेश में विदेशी शराब की 159 नई दुकानें खोली जा रही हैं जिनके लिए आवेदन पत्र 10 फरवरी तक जमा नहीं किए गए हैं। ये दुकानें निविदा के जरिए आवंटित की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस


Click it and Unblock the Notifications