नक्सलियों से मुकाबला के लिए अब बिहार के जवानों को विशेष प्रशिक्षण
बिहार राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) नीलमणि ने आईएएनएस से चर्चा करते हुए बताया कि राज्य सरकार यह महसूस कर रही है कि नक्सलियों को मात देने के लिए पुलिस को भी उसी अंदाज में जवाब देना होगा।
उन्होंने बताया कि सरकार ने बिहार में विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की दस नई यूनिटों के गठन का भी निर्णय लिया है। वर्तमान में बिहार में एसटीएफ की 10 यूनिटें हैं। एक यूनिट में 40 प्रशिक्षित जवान होंगे जो नक्सली हमलों के अलावा आतंकवादी हमलों से भी निपटने में माहिर होंगे। इन जवानों को अत्याधुनिक हथियारों से लैस किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य में चार स्थानों पर 'काउंटर इंसरजेंसी एण्ड जंगल वार फेयर स्कूल ' खोले जाएंगे जहां हैदराबाद के ग्रे हाउंड की तर्ज पर चयनित जवानों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इनमें बाहर के प्रशिक्षकों के द्वारा भी जवानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
नीलमणि के अनुसार नवादा जिले की घटना के मद्देनजर पुलिस मुख्यालय ने प्रशिक्षण प्राप्त जवानों और अधिकारियों की मदद से जिलों और अनुमंडलों में जवानों को नक्सलियों के हमलों से बचाव के लिए विशेष प्रशिक्षण देने की योजना बनाई है।
गत सोमवार को नवादा जिला के कौआकोल थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने पुलिस बल पर हमला किया था, जिसमें थाना प्रभारी समेत 10 जवानों की मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications