प्रेम प्रसंग में आठ लोगों की हत्या

पुलिस का कहना है कि ये सभी लोग रिश्तेदार थे और एक युवा प्रेमी जोड़े के भागकर विवाह कर लेने की घटना के बाद उनकी हत्या कर दी गई.
पुलिस का कहना है कि भागलपुर के दियारा क्षेत्र में इस्लामपुर के नज़दीक स्थित बिनवा गाँव के एक नौजवान ने भागकर एक लड़की से शादी कर ली थी जिसके बाद लड़की के परिवार वालों के लड़के के आठ परिजनों को मारकर नदी में फेंक दिया.
मारे गए सभी लोग पुरुष हैं और बताया जाता है कि वे सुलह-सफ़ाई के लिए एक स्थान पर जमा हुए थे जहाँ उनकी हत्या कर दी गई.
भागलपुर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रघुनाथ प्रसाद सिंह ने बीबीसी से बातचीत में बताया कि भागकर शादी करने वाले लड़के और लड़की का पता नहीं चल पाया है.
उन्होंने बताया कि आठ लोगों को आठ फ़रवरी की रात को गोली मारकर गंगा नदी में फेंक दिया गया था. पुलिस का कहना है कि यह काफ़ी दुर्गम इलाक़ा है इसलिए पूरी सूचना मिलने में कुछ समय लगा.
पुलिस का कहना है कि दोनों परिवार एक ही जाति के हैं लेकिन उनके बीच सामाजिक-आर्थिक स्तर का अंतर था.
बिहार पुलिस का कहना है कि दोषी लोगों को गिरफ़्तार करने के लिए बड़े पैमाने पर छापामारी की जा रही है और पुलिस ने पूरे इलाक़े में चौकसी बढ़ा दी है.


Click it and Unblock the Notifications