शिमला में मौसम का पहला भारी हिमपात

मौसम कार्यालय के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि मंगलवार रात से शिमला और आसपास के इलाकों में इस मौसम में पहली बार भारी बर्फबारी हुई है। चार जनवरी को पहली बर्फबारी हुई थी लेकिन वह बहुत कम थी।
शिमला में बर्फबारी से यहां के पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों के चेहरे खिल गए हैं। होटल क्लार्क के महाप्रबंधक डी.पी. भाटिया ने कहा कि अच्छी बर्फबारी से हमें ब्रिटिशकाल में ग्रीष्मकालीन राजधानी रही शिमला में पर्यटकों के लौटने की उम्मीद है।
शिमला के पर्यटन उद्योग को इन सर्दियों में रातों में तुलनात्मक रूप से अधिक तापमान और कम बर्फबारी के कारण नुकसान उठाना पड़ा था।
मनमोहन सिंह ने बताया कि शिमला के वाणिज्यिक स्थल माल, ऐतिहासिक रिज, यूएस क्लब और जाखू पहाड़ियों पर 15 सेंटीमीटर से अधिक बर्फबारी हुई है। शिमला के नजदीक स्थित पर्यटन स्थलों, कुफरी, फागू और नरकंडा में भी भारी बर्फबारी हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications