ओबामा का प्रोत्साहन पैकेज सीनेट में पारित (लीड-1)
वाशिंगटन , 11 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के 838 अरब डॉलर के आर्थिक प्रोत्साहन पैकेज के सीनेट में 37 के मुकाबले 61 मतों से पारित होने के साथ ही इसपर हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव में चर्चा का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
मंगलवार को पैकेज से संबंधित विधेयक पर हुए मतदान में रिपब्लिकन पार्टी के तीन सदस्यों सुसन कोल्लिंस, ओलिंपिया स्नोव और अर्लेन स्पेक्टर ने भी डेमोक्रेट सदस्यों के साथ इसके पक्ष में मतदान किया।
इससे पहले हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स ने 820 अरब डॉलर के एक आर्थिक पैकेज को अपनी सहमति दी थी, लेकिन सीनेट ने इस पैकेज को संशोधन के साथ स्वीकृति दी है, जिसकारण इसे पुन: निचले सदन में भेजा जाएगा।
सीनेट की मंजूरी के बाद अब दोनों सदनों के प्रतिनिधि अपने-अपने प्रस्तावित पैकेजों पर चर्चा करेंगे और मतभेदों को दूर करने का प्रयास करेंगे। राष्ट्रपति ओबामा चाहते हैं कि दोनों सदन जल्द से जल्द समझौते पर पहुंचें ताकि अगले सोमवार को प्रेसिडेंट्स डे के अवसर पर वह इससे संबंधित विधेयक पर हस्ताक्षर कर सकें।
सीनेट द्वारा पारित पैकेज में किए गए परिवर्तनों में से एक तो मध्य और उच्चमध्य वर्ग को वैकल्पिक न्यूनतम कर से राहत देने से संबंधित है। इसके अतिरिक्त इस वर्ष घर या कार खरीदने वाले व्यक्ति को अस्थायी कर राहत देने की योजना भी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications