ए. क्यू. खान के संबंध में पाकिस्तान के आश्वासन पर नजर रखेगा अमेरिका
वाशिंगटन, 11 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने अमेरिका को आश्वस्त किया है कि परमाणु तस्करी के आरोपी वैज्ञानिक अब्दुल कदीर खान का रिहाई के बाद दोबारा अवैध परमाणु गतिविधियों में शामिल न होना सुनिश्चित किया जाएगा लेकिन अमेरिका इस पर पूरी निगाह रखेगा कि इस आश्वासन को पूरा करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रॉबर्ट वुड ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया कि पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने अमेरिका के उप विदेश मंत्री जेम्स स्टेनबर्ग को पिछले सप्ताह म्यूनिख में एक मुलाकात के दौरान ऐसा आश्वासन दिया था।
वुड ने कहा, "स्टेनबर्ग ने पाकिस्तानी न्यायालय द्वारा खान की रिहाई के आदेश के बारे में हमारी चिंताएं स्पष्ट रूप से रखीं और यह आश्वासन भी चाहा कि पाकिस्तानी सरकार खान को दोबारा अवैध परमाणु कारोबार में शामिल होने से रोकने के लिए हर संभव कदम उठाएगी। पाकिस्तान ने हमें आश्वस्त किया कि इस संबंध में हर संभव कदम उठाया जाएगा।"
यह पूछे जाने पर कि क्या अमेरिका पाकिस्तान के आश्वासन को स्वीकार करने के लिए तैयार है, वुड ने कहा कि हम इस बात पर नजर रखेंगे कि इन आश्वासनों को पूरा करने के लिए किस तरह कदम उठाए जाते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications