कसाब के खिलाफ पाकिस्तान में केस, भारत को जवाब का इंतजार (लीड-1)
जियो टीवी की खबर में कहा गया कि संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) द्वारा की गई जांच के आधार पर कसाब समेत 14 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इन लोगों पर केस दर्ज करने का फैसला कैबिनेट की रक्षा समिति की सोमवार को हुई बैठक में किया गया।
जियो टीवी की रिपोर्ट में कहा गया कि कराची के डाकयार्ड पुलिस स्टेशन में आतंकवाद निरोधक धारा के तहत इन लोगों पर केस दर्ज किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार इस मामले के 14 आरोपियों में से तीन लोगों को पिछले दिनों कराची में गिरफ्तार किया गया था जबकि नौ लोगों को हिरासत में लिया जाना बाकी है।
पाकिस्तान सरकार ने हालांकि इस खबर की पुष्टि नहीं की है।
इधर नई दिल्ली में विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने बुधवार को मीडिया रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देने से इंकार कर दिया। उन्होंने पाकिस्तान से कहा कि वह मुंबई हमले के संबंध में सौंपे गए दस्तावेज पर आधिकारिक जवाब दे।
मुखर्जी ने यहां अपने कार्यालय के बाहर संवाददाताओं को बताया, "हमारे पास पाकिस्तान की ओर से अभी कोई सूचना नहीं मिली है। जब तक पाकिस्तान की ओर से कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिल जाती, तब तक किसी भी भारतीय अधिकारी के लिए इस पर कोई टिप्पणी कर पाना कठिन होगा।"
भारत द्वारा पाकिस्तान को सौंपे गए दस्तावेज में मुंबई हमलावरों के पाकिस्तानी होने की बात कही गई है। मुंबई हमले में 26 विदेशी नागरिक समेत 170 लोगों की मौत हो गई थी और 300 घायल हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications