रिजवानुर मामले की जांच कर रहा पुलिस अधिकारी मृत मिला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दमदम में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के दूसरे नंबर के अधिकारी 31 वर्षीय अरिंदम मन्ना का शव मनकुंडु रेलवे स्टेशन के पास मिला। उसके पैर, हाथ और आंखों पर घाव के निशान मिले हैं। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जीआरपी सूत्रों के अनुसार प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लगता है। जबकि मन्ना के पिता ने हत्या का आरोप लगाया है।
अशोक कुमार मन्ना ने कहा, "उसने हमसे कई बार कहा कि विभाग की ओर से उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। लेकिन उसने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह दबाव किस तरह का था, क्या उस पर रिजवानुर मामले से अलग होने का दबाव था।"
उन्होंने कहा कि अरिंदम को भी यह संदेह था कि उसकी हत्या की जा सकती है।
उन्होंने कहा, "यह आत्महत्या का मामला नहीं है। उसकी हत्या हुई है। उसने मुझसे कई बार कहा था कि उसकी हत्या हो सकती है।"
उल्लेखनीय है कि 30 वर्षीय रिजवानुर रहमान पेशे से ग्राफिक डिजायनर था। कोलकाता के पाटिपुकुर रेलवे ट्रैक पर 21 सितंबर 2007 को उसका शव पड़ा मिला था। इससे करीब एक महीने पहले रिजवानुर ने उद्योगपति अशोक तोडी की बेटी प्रियंका तोड़ी से शादी की थी। अशोक तोडी ने इस शादी का विरोध किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications