उज्जैन में ट्रेन से पानी लाने की कवायद
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रेल मंत्रालय से उज्जैन को पेयजल संकट से निजात दिलाने के लिए तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव को लिखे पत्र में मुख्यमंत्री ने आग्रह किया है कि रेल मंत्रालय नागदा से विक्रम नगर रेलवे स्टेशनों के बीच विशेष रेलगाड़ी के माध्यम से पीने के पानी के दो रैक प्रतिदिन उपलब्ध कराने का प्रबंध करे। ऐसा होने पर उज्जैन के पेयजल संकट का समाधान हो सकेगा।
मुख्यमंत्री द्वारा लिखे पत्र में कहा गया है कि इस साल कम वर्षा के कारण उज्जैन शहर गंभीर पेयजल संकट से जूझ रहा है। हालत यह है कि जलाशय सूख गए हैं और शहर व आसपास के क्षेत्रों में भूमिगत जल की उपलब्धता भी सीमित रह गई है। मुख्यमंत्री ने बताया है कि नागदा और विक्रम नगर रेलवे स्टेशनों पर जल वाहक ट्रेन खड़ी करने की व्यवस्था है, साथ ही यहां जल भराई और निकासी की व्यवस्था की जा सकती है।
उज्जैन के कलेक्टर अजातशत्रु ने आईएएनएस को बताया कि उज्जैन के जल संकट को दूर करने के लिए जल वाहक ट्रेन का इस्तेमाल मददगार साबित हो सकता है। इंदौर तथा देवास में रेल से पानी का परिवहन किया गया है। यह प्रयास सफल भी हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications