विधान सभा में गवर्नर पर पेपर बॉल फेंके

राज्य विधान सभा के बजट सत्र के पहले दिन यह हंगामा हुआ। सदन में जैसे ही राज्यपाल टीवी राजेश्वर अपना भाषण देने खड़े हुए, वैसे ही प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के सुप्रीमो मुलायम सिंह ने खड़े होकर कहा कि राज्यपाल अप्रत्यक्ष रूप से मायावती की सहायता कर रहे हैं। बस इतना कहना ही था कि सपा, कांग्रेस और लोक दल के विधायक बैनर निकाल कर लहराने लगे और मुख्यमंत्री मायावती के विरोध में नारे लगाने लगे।
सदन में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सपा के कुछ विधायक राज्यपाल और मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए काले झण्डे और माइक फेंकने लगे।
इसी दौरान सदन में पीडब्लूडी इंजीनियर की हत्या का मामला उठाते हुए मुलायम सिंह ने कहा कि बसपा सरकार सपा कार्यकर्ताओं पर अत्याचार कर रही है। उन्होंने कहा कि मायावती सरकार सिर्फ सपा के खिलाफ काम कर रही है। सरकार ने अभी तक कोई विकास कार्य नहीं किये और न ही बेरोजगारों को नौकरी दी। यही नहीं मायावती सरकार कानून व्यवस्था में निपटने में नाकामयाब रही।
मुलायम सिंह ने कहा कि प्रदेश के राज्यपाल केंद्र सरकार के इशारों पर काम कर रहे हैं और वो इस प्रयास में हैं कि मायावती आगामी चुनाव में जीते।
विधान सभा में हुए हंगामें के दौरान कई विधायक मेज पर चढ़कर खड़े हो गये। देखते ही देखते पेपर बॉल फेंकने लगे।
करीब आधे घंट तक चला यह हंगामा तब खत्म हुआ जब सुरक्षाकर्मी राज्यपाल को सुरक्षा के घेरे में बाहर ले गये। और सत्र को आज के लिए स्थगित कर दिया गया।


Click it and Unblock the Notifications