आर्थिक पैकेज पर जनता का भरोसा जीतने के लिए सड़क पर उतरे ओबामा
वाशिंगटन, 10 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा देश की अर्थव्यवस्था में जान फूंकने के लिए 838 अरब डॉलर के आर्थिक पैकेज पर बदली हुई रणनीति के साथ अमल चाहते हैं और इसके लिए उन्होंने जनता का भरोसा जीतने का प्रयास तेज कर दिया है।
इस पैकेज से जुड़े प्रस्ताव को मंगलवार को सीनेट की मंजूरी मिलने की संभावना है। पैकेज पर बहस की समाप्ति के लिए हुए मतदान में ओबामा सरकार को न्यूनतम 60 मत से एक मत अधिक मिला। बहस की समाप्ति के लिए हुए मतदान में ओबामा सरकार के पक्ष में 61 वोट मिले जबकि इसके विरोध में 36 वोट गिरे।
ओबामा ने इस योजना पर जनता का भरोसा जीतने के लिए इंडियाना के एल्कहार्ट शहर में रोड शो किया। सोमवार को व्हाइट हाउस में अपने पहले प्राइम टाइम संवाददाता सम्मेलन में ओबामा ने कहा, "अमेरिकी अर्थव्यवस्था जिस तरह के आर्थिक संकट की चपेट में आई है, उससे सिर्फ संघीय सरकार ही उसे उबार सकती है। हमें यह सुनिश्चित करना है कि बचत और रोजगार का दायरा बढ़े। हमें तत्काल 40 लाख रोजगार सृजित करने हैं।"
ओबामा ने कहा कि इस मंदी ने निजी क्षेत्र की नींव हिला दी है। अर्थव्यवस्था को इस कदर करारा झटका लगा है कि सिर्फ संघीय सरकार ही इस संकट से देश को उबार सकती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मौजूदा संकट से उबरने के लिए पूरी ताकत झोंकनी होगी, क्योंकि दुनिया दशकों पहले घटित महामंदी के बाद पहली बार ऐसे संकट की जद में आई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications