गांव में हुई बिहार मंत्रिमंडल की बैठक
राजधानी पटना से 120 किलोमीटर दूर बेगूसराय जिले में बलिया प्रखंड के बरबीघी गांव में राज्य मंत्रिमंडल की 167 वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में हिस्सा लेने के लिए मंत्रियों व अधिकारियों को तीन बसों में भर कर पटना से बरबीघी ले जाया गया था।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बताया कि बैठक में बिहार राज्य पथ निर्माण निगम की स्थापना तथा राज्य के सभी अनुमंडलीय मुख्यालयों में डिग्री कॉलेज खोले जाने का फैसला लिया गया।
उन्होंने बताया कि राज्य में शिक्षा के स्तर को ऊपर उठाने के लिए सभी उच्च विद्यालयों में इंटरमीडिएट (+2) तक की पढ़ाई की व्यवस्था की जाएगी। बैठक में बेगूसराय को नगर निगम तथा नालंदा जिले में हिलसा को नगर परिषद का दर्जा देने का भी निर्णय लिया गया।
ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री मंगलवार को अपनी विकास यात्रा के तीसरे चरण में बेगूसराय के बरबीघी गांव में थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications