कुछ राजनीतिक दल स्वार्थ के लिए भगवान का उपयोग कर रहे : सोनिया
बिहार के रोहतास जिले के डेहरी में एक सभा को संबोधित करते हुए मंगलवार को सोनिया ने धर्म को निजी आस्था की चीज बताते हुए कहा कि राजनीतिक दलों को लोगों की भावनाओं का आदर करना चाहिए, न कि उन्हें भुनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद का मुकाबला एकता के जरिए ही किया जा सकता है। एकता में ही शक्ति है। आतंकवाद से मुकाबला करने के लिए पूरा भारत एक है।
संप्रग सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए सोनिया ने कहा, "संप्रग सरकार शासनकाल में देश ने पिछले पांच वर्षो में चौतरफा विकास किया है। सूचना का अधिकार ऐसा ही एक क्रांतिकारी कदम है जिसे आज गांवों के लोग भी अपना अधिकार समझ रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि संप्रग द्वारा लिये गये फैसलों से नये भारत का निर्माण हो रहा है। बेरोजगारों को कम से कम एक सौ दिन का रोजगार दिया जा रहा है तो सभी लोगों को बुनियादी सुविधायें मिले इसके प्रयास किये जा रहे हैं।
इससे पहले, सोनिया ने भारतीय रेल की पूर्वी माल ढुलाई कॉरिडोर के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications