अल कायदा की धमकी से निपटने के लिए तैयार है भारत (राउंडअप)
आतंकवादी संगठन द्वारा बीबीसी को भेजे गए 20 मिनट के अरबी टेप पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए रक्षामंत्री ए.के.एंटनी ने कहा कि भारतीय सेनाएं कभी भी किसी भी ओर से आने वाले खतरे का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
इस वीडियो को मुस्तफा अबू अल-यजीद ने जारी किया है। उसने भारत को चेतावनी दी है कि यदि वह पाकिस्तान पर हमले की कोशिश करेगा तो उसे इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
पाकिस्तानी सेना का कहना था कि यजीद की पिछले वर्ष अगस्त में कबायली बाजौर जिले में एक अमेरिकी ड्रॉन हमले में मौत हो गई थी। यजीद ने कहा कि मुजाहिदीन आपकी सेना को पराजित कर देंगे, जैसा अफगानिस्तान में रूस के साथ किया गया था।
यजीद की स्थिति अल कायदा में दूसरे नंबर के नेता अयमान अल-जवाहिरी के बाद है। संदेह है कि वह पिछले वर्ष इस्लामाबाद में डेनिश दूतावास पर हमले और पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की हत्या में भी शामिल था।
नई दिल्ली में एक उच्च पदस्थ सूत्र ने कहा कि इससे आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष में सहयोगी के रूप में पाकिस्तान की विश्वसनीयता पर नए सिरे से सवाल खड़े हुए हैं।
यजीद ने पाकिस्तानी नागरिकों से मौजूदा राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की सरकार को उखाड़ फेंकने का भी आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष यजीद ने दावा किया था कि पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की हत्या के लिए अल कायदा ही जिम्मेदार है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications