सपा-कांग्रेस गठबंधन निजी हितों को साधने के लिए : भाजपा
भाजपा महासचिव अरुण जेटली ने मंगलवार को संवाददाताओं से चर्चा में कहा, "सपा और कांग्रेस के बीच मुलायम के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को लेकर जारी नूराकुश्ती से यह साफ हो गया है कि सपा ने भ्रष्टाचार के आरोप में लिप्त अपने नेता को बचाने के लिए केंद्र सरकार को विश्वास मत के दौरान समर्थन दिया था। सपा और कांग्रेस का गठबंधन ही पाप से पैदा हुआ था।"
उन्होंने कहा, "जब वाम दलों ने केंद्र सरकार से समर्थन वापस लिया था और सपा ने सरकार का समर्थन किया था तभी साफ हो गया था कि सपा-कांग्रेस का यह अवसरवादी गठजोड़ है।"
उन्होंने कहा, "दोनों ने इस मुद्दे पर इसलिए आक्रामक रवैया अपना रखा है क्योंकि दोनों यह दिखाने की कोशिश कर रहें हैं कि इस मामले में सीबीआई का दुरुपयोग नहीं हो रहा है।"
उन्होंने कहा, "राजनीतिक लाभ के लिए सीबीआई का दुरपयोग करना कांग्रेस का इतिहास रहा है। कांग्रेस ने हमेशा ही अपने फायदे के लिए सीबीआई के पूरे तंत्र का इस्तेमाल किया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications