दूसरी महिला से शादी के आरोपी मलेशियाई भारतीय जन प्रतिनिधि का इस्तीफा
कुआलालंपुर, 10 फरवरी (आईएएनएस)। मलेशियाई प्रांत केदाह की विधानसभा के सदस्य व भारतीय मूल के वी़ अरुमुगम को पहली पत्नी के होते हुए दूसरी महिला से शादी रचाने का खामियाजा भुगतना पड़ा है। उन्होंने दबाव में आकर विधानसभा की सदस्यता छोड़ दी है।
वह प्रांतीय विधान सभा में भारतीय मूल के एकमात्र सदस्य थे। पहली बार विधानसभा चुनाव जीतने वाले अरुमुगम पर आरोप है कि उन्होंने मौजूदा पत्नी को तलाक दिए बगैर ही दूसरी महिला से शादी रचा ली।
मलेशिया में कोई भी गैर मुस्लिम पुरुष पहली पत्नी को तलाक दिए बगैर दूसरी महिला से शादी नहीं कर सकता। अरुमुगम तमिल हिंदू हैं। मलेशिया में भारतीय मूल के लोगों की तादाद करीब 20 लाख है।
54 वर्षीय अरुमुगम ने अपने दल 'पार्टी किदालन रकयात (पीकेआर) से भी इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने विपक्षी गठबंधन 'पकातन रकयात' से भी नाता तोड़ लिया है।
केदाह प्रांत के मुख्यमंत्री अजीजान अब्दुल रजाक ने कहा है कि अरुमुगम का इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल ईसा इस्माइल को भेज दिया गया है। उन्होंने कहा, "हमें नहीं मालूम कि अरुमुगम कहां हैं। हो सकता है वह मानसिक तौर पर सुकून पाने की कोशिश कर रहे हों।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications