संघर्ष विराम के बावजूद गाजा में बच्चों को राहत नहीं
न्यूयार्क, 10 फरवरी (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र की बच्चों और सशस्त्र संघर्ष मामलों की विशेष दूत ने कहा कि गाजा में इजरायल और हमास के बीच संघर्ष विराम के बावजूद बच्चों की तकलीफें जारी हैं और वे असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
संयुक्त राष्ट्र की विशेष दूत राधिका कुमारस्वामी ने कहा कि हमास के दक्षिणी इजरायल पर राकेट दागने और उसके जवाब में 27 दिसम्बर से शुरू हुए इजरायली हवाई और जमीनी हमले में बाल अधिकारों का भारी उल्लंघन हुआ।
उन्होंने कहा कि बच्चों की मौतों और उनके घायल होने के साथ ही जरूरतमंदों तक मानवीय सहायता भी पहुंचने से रोकी गई।
उन्होंने कहा कि मौजूदा दुश्मनी के कारण गाजा में बच्चों के लिए कोई स्थान सुरक्षित नहीं है। इजरायली घेराबंदी के कारण वे गाजा से बाहर भी नहीं जा सकते।
गाजा में ताजा संघर्ष में 1300 लोगों से अधिक लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। इनमें एक-तिहाई से अधिक बच्चे और महिलाएं हैं।
इजरायल के बच्चों के बारे में कुमारस्वामी ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं कि दक्षिणी इजरायल के बच्चे लगातार मिसाइल हमलों के भय के बीच रह रहे हैं। उन्हें मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समर्थन की जरूरत है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications