मप्र में वर्षा जल संग्रहण व्यवस्था के बाद ही भवन निर्माण की मंजूरी
बड़ी झील के प्रेमपुरा घाट में एक समाचार पत्र 'दैनिक भास्कर' द्वारा आयोजित गहरीकरण अभियान के कार्यक्रम में चौहान ने कहा कि प्रदेश में आगामी दो अप्रैल से जलाभिषेक अभियान की शुरुआत किए जाने के साथ पूरे प्रदेश के तालाबों की भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
बड़ी झील के गहरीकरण में मिल रहे जन सहयोग की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि अब इस मानसिकता को समाप्त करना होगा कि निर्माण और विकास का हर कार्य सरकार की जिम्मेदारी है। उनका मानना है कि जब तक आम आदमी की इसमें भागीदारी नहीं होगी तब तक विकास भी एकांगी और अल्पकालिक होगा।
पिछले तीन वषरें से प्रदेश में चलाए जा रहे जलाभिषेक अभियान का हवाला देते हुए चौहान ने बताया कि इस वर्ष अभियान के तहत स्टाप डेम, चेक डेम और बोरी बंधान भी बनाए जाएंगे। वे चाहते हैं कि इस तरह के अभियान में स्वयं सेवी संस्थाओं के साथ सभी राजनैतिक दल भी जुड़ें।
इस मौके पर समाचार पत्र समूह के प्रकाशक रमेश चंद अग्रवाल ने कहा कि जल संचयन और जल का अपव्यय रोकने के लिए हर नागरिक को जागरूक होना चाहिए। उन्होंने गहरीकरण के कार्य से निकली मिट्टी को घरेलू बगीचों, कृषि कार्य एवं सड़क निर्माण के लिए उपयोगी बताया। जनहित के इस कार्य में समाचार पत्र की ओर से एक करोड़ की राशि बतौर सहयोग देने का भी उन्होंने ऐलान किया। कार्यक्रम का संचालन पत्रकार अभिलाष खांडेकर ने किया।
गहरीकरण के कार्यक्रम में उपस्थित भवन निर्माताओं ने जल संग्रहण की व्यवस्था का संकल्प लिया। साथ ही सभी ने अच्छे मानसून के साथ वर्षा की भी ईश्वर से प्रार्थना की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications